इटारसी। नर्मदापुरम जिले में कांग्रेस का पहला जिला कार्यालय इटारसी में खुलने जा रहा है। कार्यालय का निर्माण अंतिम चरण में है, जिसका उद्घाटन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी 18 सितंबर को अपनी ‘वोट चोर गद्दी छोड़ यात्रा’ के दौरान करेंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने बताया कि यह कार्यालय गुरबानी भवन के पास स्थापित किया गया है। यह पहली बार है जब नर्मदापुरम जिले में कांग्रेस का अपना जिला कार्यालय होगा, जो कार्यकर्ताओं और नेताओं के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
‘वोट चोर गद्दी छोड़ यात्रा’ भी होगी
इसी दिन, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की उपस्थिति में ‘वोट चोर गद्दी छोड़ यात्राÓ भी निकाली जाएगी। यह यात्रा खेड़ा क्षेत्र से शुरू होगी और तुलसी चौक पर एक बड़ी जनसभा के साथ समाप्त होगी। इस सभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के अलावा, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी और पूर्व विधायक संजय शर्मा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मानक अग्रवाल भी संबोधित करेंगे।
जनसभा के बाद, जीतू पटवारी और अन्य वरिष्ठ नेता नवनिर्मित जिला कांग्रेस कार्यालय का दौरा करेंगे और स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे संगठन को मजबूत करने और आगामी रणनीतियों पर चर्चा करेंगे। यह जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार ने दी।









