इटारसी। रेस्ट हाउस रोड पर स्थित ‘रेस्टोरेंट ऑन व्हील्स’ नाम का रेल कोच रेस्टोरेंट, जो कभी यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए एक नया और आकर्षक अनुभव था, अब अपनी वर्तमान स्थिति को लेकर सवालों के घेरे में है। यह रेस्टोरेंट, जिसे 7 अगस्त 2022 को एक कबाड़ ट्रेन के डिब्बे को नया रूप देकर शुरू किया गया था, अब बंद हो चुका है और लावारिस पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, इस रेस्टोरेंट का संचालन करने वाली मुंबई की एक कंपनी को घाटा हुआ और वह रेलवे को लाइसेंस फीस जमा नहीं कर पाई। इसके बाद रेलवे ने ठेका समाप्त कर दिया। अब यह खाली कोच लावारिस पड़ा है और यह शराबियों का अड्डा बन गया है। इस स्थिति से चिंतित लोग किसी अप्रिय घटना या अपराध की आशंका जता रहे हैं।
बता दें कि जब इसे प्रारंभ किया था तो बड़े-बड़े दावे किये गये थे। रेस्टोरेंट के उद्घाटन के समय इसे यात्रियों को उच्च गुणवत्ता वाले भोजन और शानदार इंटीरियर के साथ एक लग्जीरियस अनुभव प्रदान करने वाला बताया गया था। उस दौरान यह एक व्यवस्थित बैठने की व्यवस्था और भारतीय व्यंजनों के लिए जाना जाता था।
यह रेस्टोरेंट अपनी शुरुआत में काफी लोकप्रिय हुआ था, वहीं अब इसकी दुर्दशा ने रेलवे की देखरेख पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने रेलवे प्रशासन से इस लावारिस पड़े कोच को हटाने या इसका कोई स्थायी समाधान खोजने की मांग की है ताकि इसका उपयोग यात्रियों के लिए किया जा सके और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधियों को रोका जा सके।
वर्तमान में, यह कोच रेस्टोरेंट पूरी तरह से सुनसान पड़ा है, जिसकी खिड़कियों के शीशे अज्ञात लोगों ने तोड़ दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह क्षेत्र अब असामाजिक तत्वों और नशेडिय़ों का अड्डा बन गया है। पास के खंडहरनुमा मकानों में भी ऐसे लोगों का जमावड़ा रहता है, जिससे क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बन गया है। यहाँ से गुजरने वाली महिलाओं को विशेष रूप से असुरक्षित महसूस होता है।
शहरवासियों ने इस स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है और प्रशासन से जल्द से जल्द इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के कारण एक शानदार परियोजना बर्बादी की राह पर है। वे चाहते हैं कि इस बंद पड़े रेस्टोरेंट को फिर से शुरू किया जाए ताकि यह अपनी पहचान वापस पा सके और शहर के विकास में योगदान दे सके।









