इटारसी। सिंधु विकास समिति द्वारा आयोजित जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह में इटारसी, नर्मदापुरम, सोहागपुर और पिपरिया के 10 वीं और 12वीं कक्षा के मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ-साथ स्नातक, स्नातकोत्तर और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को भी सम्मानित किया। यह आयोजन बच्चों और समाज के उन व्यक्तियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना, जिन्होंने विशेष क्षेत्रों में सफलता हासिल की है।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश शासन के जनसंपर्क अधिकारी अशोक मनवाणी उपस्थित थे। उनके साथ इटारसी सिंधी समाज के अध्यक्ष धर्मदास मिहानी, नर्मदापुरम सिंधी समाज के अध्यक्ष अशोक वाधवानी, नंदलाल माखीजा, पिपरिया से नंदलाल पंजवानी और सोहागपुर से ताराचंद कलतारी जैसे गणमान्य व्यक्तियों ने समारोह की शोभा बढ़ाई।
समारोह में उन डॉक्टरों का भी सम्मान किया, जो इटारसी शहर में चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे रहे हैं। इसके अलावा, सेवा क्षेत्र में काम करने वाली झूलण सेवा समिति, बढ़ते कदम सेवा समिति, और लायंस क्लब के अध्यक्ष पंख, लायन श्रीमती पूनम अमित चेलानी को भी सम्मानित किया। विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे का स्वागत शाल और श्रीफल से किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुति और भव्य आयोजन
साईं कृष्णा रिसोर्ट के हॉल में आयोजित इस समारोह में सैकड़ों लोग उपस्थित थे, जिनमें बच्चे, महिलाएं और पुरुष सभी शामिल थे। आनंद पब्लिक स्कूल के बच्चों द्वारा दी गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया, जिसकी सभी अतिथियों ने खूब सराहना की।
सिंधु विकास समिति के अध्यक्ष प्रकाश मोटवानी, सचिव नरेश मेघानी और कोषाध्यक्ष श्रीचंद चावला के नेतृत्व में सफल आयोजन हुआ। आयोजन समिति के अध्यक्ष विजय पाल मनवाणी थे। मंच संचालन मनोहर सुंदरानी और विजय मनवाणी ने किया। समिति उपाध्यक्ष गोपाल सिद्धवानी, संरक्षक अशोक गुरबाणी, मनोहर सुंदरानी, सुरेश नवलानी और अन्य पदाधिकारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। अंत में, अशोक गुरबाणी ने सभी का आभार व्यक्त किया।









