इटारसी। वीर सावरकर स्टेडियम में आज जिला स्तरीय पिट्टू और सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें नर्मदापुरम जिले के विभिन्न ब्लॉकों के 197 खिलाडिय़ों ने भाग लिया। कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी वंदना रघुवंशी और प्राचार्य श्रीमती सपना गिरधारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
प्रतियोगिता के परिणाम
प्रतियोगिता में बनखेड़ी, सिवनी मालवा, नर्मदापुरम और बाबई ब्लॉक के खिलाडयि़ों ने अपने खेल का शानदार प्रदर्शन किया।
पिट्टू (19 वर्ष) : इस वर्ग में सिवनी मालवा की टीम विजेता रही, जबकि नर्मदापुरम की टीम उपविजेता बनी।
सॉफ्टबॉल : अंडर 14, 17 और 19 वर्ष के बालक-बालिका दोनों वर्गों में नर्मदापुरम विकासखंड ने एकतरफा जीत हासिल की।
खिलाडिय़ों का चयन
इस प्रतियोगिता के दौरान, चयनकर्ताओं ने खिलाडयि़ों के प्रदर्शन के आधार पर आगामी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया। पिट्टू से 10 खिलाडिय़ों और सॉफ्टबॉल से 16 खिलाडिय़ों का चयन किया गया है। ये चयनित खिलाड़ी अक्टूबर माह में होने वाली संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
निर्णायक और सहयोग
प्रतियोगिता को सफल बनाने में कई खेल विशेषज्ञों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंतरराष्ट्रीय सॉफ्टबॉल खिलाड़ी आलोक चौधरी और अंतरराष्ट्रीय पिट्टू खिलाड़ी अंश मालवीय विशेष रूप से निर्णायक मंडल में शामिल थे। उनके अलावा, शरद लोवंशी, पीयूष कहार, सपना दीक्षित, अनुषिखा दीक्षित, रितेश, कपिल, श्रीमती सरिता बघेल और शिवानी ने भी निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता का आयोजन अश्विनी मालवीय ने किया, जिन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य जिले की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।









