इटारसी। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देश पर नर्मदापुरम जिले में शनिवार, 13 सितंबर 2025 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। यह लोक अदालत व्यवहार न्यायालय, इटारसी में तहसील विधिक सेवा समिति, इटारसी के तत्वावधान में आयोजित हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मीडिएशन सेंटर, इटारसी में माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्रीमती तृप्ति शर्मा और तहसील विधिक सेवा समिति, इटारसी के अध्यक्ष आदित्य रावत सहित कई न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता और विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।लोक अदालत के लिए कुल पाँच खंडपीठें बनाई गईं। इनमें लंबित और प्री-लिटिगेशन मामलों की सुनवाई की गई।
लंबित प्रकरण
न्यायालयों में लंबित सुलह योग्य 311 प्रकरण रखे गए, जिनमें से 282 प्रकरणों का सफलतापूर्वक निपटारा हुआ। इन मामलों में 1,49,04,479 रुपये की समझौता राशि पर डिक्री या मुआवजा के आदेश पारित किए गए, जिससे 612 लोगों को लाभ मिला।
प्री-लिटिगेशन (मुकदमा-पूर्व) प्रकरण
कुल 2950 प्रकरणों को विचार के लिए रखा गया था, जिनमें से 550 प्रकरणों का निराकरण हुआ। इन मामलों में 48,68,177 रुपये की राशि पर समझौते हुए, जिससे 550 व्यक्ति लाभान्वित हुए।इस नेशनल लोक अदालत में कुल 3372 प्रकरणों पर विचार किया गया, जिनमें से कुल 832 प्रकरणों का निपटारा हुआ।
कुल मिलाकर 1,97,72,656 रुपये की समझौता राशि पर निर्णय लिए गए।यह जानकारी जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, तहसील विधिक सेवा समिति, इटारसी आदित्य रावत ने दी।









