इटारसी। शहर के कविवर पं. भवानी प्रसाद मिश्र ऑडिटोरियम में शनिवार को ‘संवाद 2025’ के दूसरे चरण का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का विषय था, “2047 का भारत कैसा हो और इसमें हमारी भूमिका”। इस संवाद में शहर के तीन स्कूलों – पीएमश्री शासकीय कन्या स्कूल, सांदीपनी स्कूल और जीनियस प्लानेट स्कूल – के करीब 300 बच्चों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे की उपस्थिति में 27 बच्चों ने मंच से अपने विचार रखे। बच्चों ने 2047 के भारत के लिए एक मजबूत और विकसित राष्ट्र की परिकल्पना की, जिसमें नशामुक्त समाज, महिला सुरक्षा, तेज इंटरनेट, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर चिकित्सा सुविधाएँ, और साइबर सुरक्षा प्रमुख थे।
नशामुक्ति और न्याय व्यवस्था पर बच्चों के विचार
जीनियस प्लानेट स्कूल की छात्रा अंशी दुबे ने कहा कि 2047 का भारत पूरी तरह से नशामुक्त होना चाहिए, और इसके लिए सरकार को पूर्ण नशाबंदी लागू करनी होगी, केवल जागरूकता अभियान पर्याप्त नहीं होगा। सांदीपनी स्कूल के छात्र विनायक पाल ने न्याय व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि महिला अपराधों में कठोर सजा जरूरी है, लेकिन न्याय में देरी होती है क्योंकि केसों की संख्या के अनुपात में जजों की संख्या कम है। उन्होंने जजों की संख्या बढ़ाने की मांग की।
पीएमश्री कन्या शाला की हेमवती कहार ने विकास के साथ-साथ विनम्रता और आध्यात्मिकता के महत्व पर जोर दिया। इसके अलावा, बच्चों ने ग्रामीण क्षेत्रों में तेज इंटरनेट, अस्पतालों में डॉक्टरों की पर्याप्त संख्या, स्कूलों में बेहतर लैब और लाइब्रेरी की सुविधाएँ उपलब्ध कराने की भी मांग रखी।डॉ. सीतासरन शर्मा और पंकज चौरे ने बच्चों के विचारों को अपनी डायरी में नोट किया। डॉ. शर्मा ने कहा कि इन विचारों को राज्य और देश के शिक्षा मंत्रियों तक पहुँचाया जाएगा।
उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा, “2047 का भारत आप ही बनाएंगे। आपमें से ही भविष्य के विधायक, सांसद, कलेक्टर और नपाध्यक्ष निकलेंगे।” उन्होंने कहा कि जो बच्चे अपने विचार नहीं रख पाए, वे अपने सुझाव वॉट्सऐप पर भेज सकते हैं।डॉ. शर्मा ने यह देखकर खुशी जाहिर की कि आज के बच्चे सड़क की बजाए इंटरनेट की माँग कर रहे हैं, जो कि एक बदलते भारत का संकेत है। कार्यक्रम का संचालन भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष जयकिशोर चौधरी ने किया।









