इटारसी। जिला शिक्षा केंद्र, नर्मदापुरम द्वारा ‘एक पंखा पितृ के नाम’ नाम से एक अनूठा अभियान शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य शासकीय विद्यालयों में पंखों की कमी को पूरा करना है। इस अभियान के तहत, शनिवार, 13 सितंबर 2025 को केसला विकास खंड की शासकीय शालाओं में 10 पंखे वितरित किए गए।यह पहल जिला शिक्षा केंद्र के डीपीसी डॉ. राजेश जायसवाल के मार्गदर्शन में शुरू हुई है।
जनपद शिक्षा केंद्र, केसला से बीआरसीसी श्रीमती रत्ना सोनिया, बीएसी शालीन दास और सीएसी जगत गौर ने एसडीएम और तहसीलदार सहित जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर इस अभियान के लिए सहयोग माँगा था।एसडीएम टी प्रतीक राव ने जन शिक्षा केंद्र पथरौटा की प्राथमिक शाला नयाखेड़ा से केसला विकास खंड की विभिन्न शासकीय शालाओं के लिए इन पंखों का वितरण किया।
इस नेक कार्य में दानदाताओं एसडीएम टी प्रतीक राव ने 4 पंखे, तहसीलदार शक्ति सिंह तोमर ने 2 पंखे, बीआरसीसी रत्ना सोनिया, श्रीमती सुषमा मौर्य और विद्या रैकवार ने 1-1 पंखा दान किया। इस अवसर पर एसडीएम टी प्रतीक राव, बीआरसीसी रत्ना सोनिया, बीएसी शालीन दास, साक्षरता समन्वयक श्रीमती सुषमा मौर्य और अन्य स्थानीय प्रतिनिधि तथा शिक्षक मौजूद थे। बीआरसीसी रत्ना सोनिया ने सभी दानदाताओं का आभार व्यक्त किया।









