रितेश राठौर, केसला। आदिवासी विकासखंड केसला में कथित धर्मांतरण की घटनाओं को रोकने के लिए, भीलटदेव महंत गोविंद दास ने एक महत्वपूर्ण अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में उन्होंने शुक्रवार को वृंदावन में प्रसिद्ध संत श्री प्रेमानंद महाराज से भेंट की और उन्हें अपने इस प्रयास के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
महंत गोविंद दास ने संत प्रेमानंद महाराज को बताया कि केसला क्षेत्र के भोले-भाले आदिवासी लोगों को गुमराह करके धर्मांतरण कराया जा रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने एक अनोखा ‘निःशुल्क रामकथा अभियान’ शुरू किया है। इस अभियान के तहत वे स्वयं टेंट, साउंड जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निशुल्क उपलब्ध करा रहे हैं और रामकथा के माध्यम से लोगों को उनकी सनातन संस्कृति और धर्म के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
संत प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद
महंत गोविंद दास जी के प्रयासों से प्रभावित होकर, संत श्री प्रेमानंद महाराज ने उनके कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सेवा कार्य समाज में धार्मिक जागरूकता बढ़ाने का एक बहुत ही महत्वपूर्ण कदम है। प्रेमानंद महाराज ने महंत गोविंद दास जी को आशीर्वाद दिया और उन्हें एक दुपट्टा ओढ़ाकर तथा प्रसाद देकर सम्मानित किया।महंत गोविंद दास जी का यह अभियान न केवल धार्मिक जागरूकता फैला रहा है, बल्कि यह आदिवासी समाज की सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करने की दिशा में भी एक सराहनीय प्रयास है।









