इटारसी। महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, गुरुवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय में ‘स्वास्थ्य नारी, सशक्त परिवार’ मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 918 लोगों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया, जिसमें गर्भवती माताएं और विभिन्न बीमारियों से पीडि़त बच्चे शामिल थे।
शिविर का उद्घाटन
इस महत्वपूर्ण शिविर का उद्घाटन राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया और विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे, विधायक प्रतिनिधि भरत वर्मा, एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
अधिकारियों और कर्मचारियों की भागीदारी
कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरसिंह गहलोत, चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. राकेश चौधरी, चिकित्सालय के सभी चिकित्सक और स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसके अतिरिक्त, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, अस्पताल के नर्सिंग ऑफिसर, एलएचवी और एएनएम स्टाफ की सक्रिय भागीदारी से यह शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।









