सिवनी मालवा। सिवनी मालवा तहसील के ग्राम बैरखेड़ी में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के एक कुएं से चार महीने की एक बच्ची का शव बरामद हुआ, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
क्या है मामला?
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे बच्ची अपने घर के झूले में सो रही थी, जबकि परिजन अपने घरेलू काम में व्यस्त थे। कुछ देर बाद जब उन्होंने बच्ची को झूले से गायब पाया, तो तुरंत उसकी तलाश शुरू की। कहीं कोई सुराग न मिलने पर, परिजनों ने सिवनी मालवा पुलिस थाने में सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश दुबे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया। लगभग दो घंटे की खोज के बाद, घर के पास स्थित एक दलदल भरे कुएं में एक कपड़े की पोटली दिखाई दी। पोटली खोलने पर उसमें बच्ची का शव मिला।
जांच में जुटी पुलिस
शव के पास एक नींबू भी मिला, जिससे घटना को लेकर कई तरह के संदेह पैदा हो रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए, एसडीओपी महेंद्र सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी जांच के लिए बुलाया है। थाना प्रभारी राजेश दुबे ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है और पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। उन्होंने कहा कि एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।









