इटारसी। शहर के मेहरागांव में शराब के लिए पैसे न देने पर दो युवकों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में घायल युवक को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सहायक उप-निरीक्षक रामराव उइके को 16 सितंबर, 2025 को मेहरागांव में झगड़े की सूचना मिली थी। जांच के दौरान पता चला कि घायल व्यक्ति को डीएसपीएम अस्पताल इटारसी ले जाया गया है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल श्याम मोरे (उम्र 26 वर्ष, निवासी गाडरी मोहल्ला, मेहरागांव) से पूछताछ की।
श्याम मोरे ने बताया कि शाम लगभग 4:15 बजे, जब वह अपने दोस्त सन्नी नामदेव के साथ घर लौट रहा था, तभी गणेश मंदिर के पास इमली के पेड़ के नीचे आकाश चौरे उर्फ कड़ा और सतीश उर्फ नाटी ने उसका रास्ता रोक लिया। दोनों ने उससे शराब पीने के लिए एक हजार रुपये मांगे। जब श्याम ने पैसे देने से इनकार किया, तो आकाश ने अपनी जेब से चाकू निकालकर उसके दाहिने पैर की जांघ पर हमला कर दिया। उसी समय, सतीश ने भी चाकू से उसके बाएं पैर की जांघ पर वार किया।
पुराना विवाद और जान से मारने की धमकी
हमले के बाद श्याम चिल्लाने लगा, तो उसका दोस्त सन्नी नामदेव और मुज्ञा मोरे बीच-बचाव के लिए आए। इस दौरान, आरोपियों ने उन्हें भी हाथ और थप्पड़ से मारा और धमकी दी कि अगर उन्होंने पुलिस को सूचना दी, तो वे उसे जान से मार देंगे। श्याम ने बताया कि एक साल पहले भी इन दोनों से उसकी कहासुनी हुई थी, जिसकी वजह से वे उससे रंजिश रखते हैं। पुलिस ने आरोपियों आकाश चौरे उर्फ कड़ा और सतीश उर्फ नाटी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 126(2), 118(1), 119(1), 351(3), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुट गई है।








