इटारसी। अखंड राजपूताना सेवा समिति नर्मदापुरम का वार्षिक अधिवेशन रविवार को इटारसी स्थित नमक रेस्टोरेंट में संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण बैठक में समाज उत्थान के लिए कई बड़े फैसले लिए, जिसमें संगठन विस्तार और सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की।
शशांक बैस गोल्डी बने नए जिलाध्यक्ष
अधिवेशन में शशांक बैस गोल्डी को सर्वसम्मति से संगठन का नया जिलाध्यक्ष चुना गया। उनकी नियुक्ति पर समाज के सभी सदस्यों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी।
महाराणा प्रताप की प्रतिमा लगाने का संकल्प
अधिवेशन का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण संकल्प महाराणा प्रताप की प्रतिमा इटारसी में स्थापित करने का रहा। सभी पदाधिकारियों और समाजजनों ने मिलकर हर संभव प्रयास करने का प्रण लिया। बैठक के बाद सभी लोग पुरानी इटारसी में प्रस्तावित महाराणा प्रताप चौराहे पर पहुंचे, जहां एक बोर्ड लगाकर स्थल को अंतिम रूप दिया। इस दौरान, सबने पुष्पवर्षा कर अपने संकल्प को और मजबूत किया।
सामाजिक कैलेंडर और अन्य महत्वपूर्ण फैसले
बैठक में समाज की प्रगति के लिए कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें बच्चों के लिए प्रतिभा सम्मान, कैरियर मार्गदर्शन, और नि:शुल्क कोचिंग सुविधाएं शामिल हैं। इसके साथ ही, समाज के लिए एक वार्षिक कैलेंडर भी घोषित किया।
कुछ प्रमुख आयोजन
- 15 मार्च : नवयुवती-नवयुवक परिचय सम्मेलन
- महाराणा प्रताप जयंती समारोह : जिसका आयोजन राजपूत महिला शक्ति द्वारा किया जाएगा।
- परिजन सम्मेलन : जिसका उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाना है।
अधिवेशन में राहुल सिंह सोलंकी, जितेंद्र सिंह सोलंकी, और डॉ. अनिल सिंह, जैसे वक्ताओं ने समाज की उन्नति के लिए शिक्षा और निस्वार्थ सेवा को जरूरी बताया। महिला मंडल की सदस्यों रजनी सोलंकी, गीता ठाकुर, और अन्य की भूमिका भी सराहनीय रही। सभी ने मिलकर एकजुट समाज, शिक्षित युवा और सेवा भावी पीढ़ी के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया। यह जानकारी समाज के वरिष्ठ सदस्य मनीष सिंह ठाकुर ने दी।







