इटारसी। आदिवासी ब्लॉक केसला के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत डोबी के गांव खटामा में स्कूल भवन क्षतिग्रस्त होने के कारण बच्चों का भविष्य अधर में है। एक साल से भवन टूटा पड़ा है, लेकिन अभी तक इसका पुनर्निर्माण नहीं हो पाया है। इस समस्या से परेशान होकर बच्चों के माता-पिता ने शिक्षा मंत्री और विधायक प्रेम शंकर वर्मा से मिलकर जल्द समाधान की मांग की है। ग्रामीणों ने कलेक्टर को भी इस संबंध में एक ज्ञापन देकर व्यवस्था में जल्द से जल्द सुधार की मांग की है।
जर्जर भवन और शिक्षा की बदहाली
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम खटामा का स्कूल भवन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। कुछ समय तक बच्चों की कक्षाएं झोपड़ी में लगाई गईं, जिसके बाद उन्हें एक छोटी सी आंगनवाड़ी में स्थानांतरित कर दिया गया। अब सुबह 9 बजे से 12 बजे तक आंगनवाड़ी चलती है और उसके बाद 12 बजे से 4 बजे तक पहली से पांचवीं तक के बच्चों की कक्षाएं एक ही कमरे में लगती हैं।
अधिकारियों की लापरवाही
ग्रामीणों का आरोप है कि भवन के जर्जर होने के बावजूद शिक्षा विभाग का कोई भी अधिकारी इसे देखने नहीं पहुंचा। शिक्षा विभाग की यह बड़ी लापरवाही सामने आई है। आक्रोशित माता-पिता ने विधायक प्रेम शंकर वर्मा से मुलाकात की, जिन्होंने जल्द से जल्द नए भवन को स्वीकृत करने का आश्वासन दिया है।
ये रहे उपस्थित
इस दौरान महिला समूह संगठन की अध्यक्ष प्रीति तुमराम, संध्या कासदे, प्रभा तेकाम, मीरा कलमे, दीपिका कलमें, गायत्री तेकम, अनीता बरकड़े, प्रेमवती सुखवाती धुर्वे, मीना कासदे, छुट्टन बाई उईके और माला तुमराम उपस्थित थीं। उनके साथ जनपद सदस्य सुनील नागले, सरपंच डोरीलाल चीचाम, नारायण बाबरिया, विनोद वारिवा, शैतान उईके और सोहन धुर्वे भी मौजूद थे।









