इटारसी। नवरात्रि के पावन अवसर पर, माता बिजासन देवी मैया सलकनपुर जाने वाले पदयात्री श्रद्धालुओं की सेवा के लिए इटारसी में यादव समाज की युवा टीम ने एक सराहनीय पहल की। आज कृषि उपज मंडी के पास, युवा टीम द्वारा एक टेंट लगाकर श्रद्धालुओं के लिए स्वल्पाहार वितरण किया गया।
युवाओं ने स्टॉल लगाकर माता रानी के भक्तों को नाश्ता और जलपान उपलब्ध कराया। इस सेवा के दौरान डीजे पर माता रानी के भजन चलाए गए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
स्वल्पाहार ग्रहण करने के बाद पदयात्री श्रद्धालु उत्साह और ऊर्जा से भरकर ‘जय माता की’ के नारे लगाते हुए अपनी यात्रा पर आगे बढ़े। समाज के युवाओं की यह पहल दर्शाती है कि त्योहारों के दौरान सेवा और भक्ति का भाव किस प्रकार सामाजिक समरसता को मजबूत करता है। इस निस्वार्थ सेवा कार्य के लिए स्थानीय लोगों ने यादव समाज की युवा टीम की खूब सराहना की।









