इटारसी। स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, साइकिलिंग ब्रदर्स इटारसी ग्रुप द्वारा एक ‘पेडल पॉवर’ साइकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह जागरूकता रैली आगामी 27 सितंबर 2025, शनिवार को निकाली जाएगी।
ग्रुप के सदस्य पंकज राउत ने बताया कि रैली की शुरुआत सुबह 6 बजे बूढ़ी माता मंदिर से होगी। साइकिलिस्ट बूढ़ी माता मंदिर से अपनी यात्रा शुरू करेंगे और भीलाखेड़ी, डोलरिया, धमासा, चौतलाय और आंवलीघाट होते हुए सलकनपुर पहुंचेंगे। इस यात्रा में साइकिलिस्ट आने-जाने में लगभग 100 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे।
भागीदारी के लिए लचीलापन
साइकिलिंग ब्रदर्स ग्रुप के संयोजक सौरभ दुबे ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को सक्रिय जीवनशैली अपनाने और स्वास्थ्य तथा पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है। इसी उद्देश्य से, रैली में सभी के लिए भागीदारी के विकल्प खुले रखे गए हैं।
जो साइकिल चालक लंबी दूरी तय नहीं कर सकते, वे 5 या 10 किलोमीटर साइकिल चलाकर वापस लौट सकते हैं।
रैली के दौरान थकान महसूस होने पर साइकिल चालकों के लिए बाइक से यात्रा करने का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा, जिससे सभी रोटेशन में थोड़ी-थोड़ी दूरी तक साइकिल चला सकें। संयोजक सौरभ दुबे ने आम जनता से अपील की है कि वे लंबी दूरी से भयभीत न हों और जितना उनका सामथ्र्य हो, उतनी साइकिल चलाते हुए इस प्रेरणादायक रैली में अवश्य शामिल हों। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति 7999323187 पर संपर्क कर सकते हैं।









