सुखतवा। स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना के तहत भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय, सुखतवा में कुकिंग प्रशिक्षण का सफल समापन आज 26 सितंबर को प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत के निर्देशन में हुआ। यह प्रशिक्षण 28 अगस्त से प्रारंभ हुआ था।
योजना प्रभारी श्रीमती संध्या उपाध्याय और आयुष सादराम ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित इस योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को कौशल आधारित अल्पावधि प्रशिक्षण देना है, ताकि वे भविष्य में स्वयं का रोजगार स्थापित कर सकें।
इसी तारतम्य में, कुकिंग प्रशिक्षक श्रीमती सुरजीत बावेजा ने महाविद्यालय के 40 विद्यार्थियों को विभिन्न व्यंजन बनाना सिखाया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने मठरी, ब्रेड पकोड़ा, सैंडविच, ब्रेड रोल, मिक्स अचार, मुरब्बा, नींबू की चटनी, मूंग एवं सूजी का हलवा, बेसन व नारियल के लड्डू, इडली, नारियल चटनी, सांभर, पोहे का चूड़ा, बेसन के चिले, साबूदाना के बड़े आदि व्यंजन बनाना सीखा।
कार्यक्रम का आरंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन, पूजन तथा वंदना के साथ किया। समापन अवसर पर प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत ने कहा कि शासन द्वारा विद्यार्थियों के लिए कैरियर से संबंधित अनेक योजनाएं संचालित की जाती हैं, जिससे वे भविष्य में अपना कैरियर बना सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कुकिंग प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके विद्यार्थी इससे लाभान्वित होंगे और अन्य व्यक्तियों को रोजगार दिलाने में सहायक बनेंगे। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को प्राचार्य एवं स्टाफ द्वारा प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार से डॉ. मंजू मालवीय, श्रीमती कामधेनु पटोदिया, सतीश पाली, डॉ. राधा आशीष पांडे, डॉ. प्रवीण कुमार कुशवाहा, डॉ. सौरभ तिवारी, डॉ. वेद प्रकाश भारद्वाज, डॉ. महेंद्र सिंह चौधरी, नीरज बिदुआ, श्रीमती रेखा चौबे, तनीषा साहू सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। संचालन श्रीमती संध्या उपाध्याय ने एवं आभार डॉ. सतीश ठाकरे ने व्यक्त किया।









