इटारसी। शहर के रेलवे स्टेशन के सामने स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर को यातायात व्यवस्था सुगम बनाने के उद्देश्य से शिफ्ट करने का काम आज सुबह शुरू हो गया है। प्रशासन और विश्व हिंदू परिषद, जनप्रतिनिधियों के बीच कल हुई सौहार्द्रपूर्ण सहमति के बाद मंदिर विस्थापन का कार्य प्रारंभ किया गया है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम

- शिफ्टिंग और प्राण-प्रतिष्ठा कार्य को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रेलवे स्टेशन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत कड़ी कर दी गई है।
- भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, जिसमें अनुविभाग के थानों से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया है।
- एसडीओपी वीरेंद्र सिंह मिश्रा, टीआई गौरव सिंह बुंदेला और पथरोटा थाना प्रभारी संजीव पवार स्वयं मौके पर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले हुए हैं।
- एहतियात के तौर पर रेलवे स्टेशन के सामने की सभी गुमटियां और व्यावसायिक प्रतिष्ठान फिलहाल बंद करा दिए गए हैं।
विस्थापन और प्राण-प्रतिष्ठा की तैयारी
मंदिर परिसर को चारों ओर से कनात से घेरकर भीतर शिफ्टिंग की तैयारियां चल रही हैं। प्रशासन ने विश्व हिंदू परिषद की लगभग सभी मांगों को मानते हुए, प्राचीन मंदिर को उसके मूल स्थान से करीब बीस फीट पीछे ही शिफ्ट करने का निर्णय लिया है, ताकि मंदिर की आस्था भी बनी रहे और यातायात भी सुगम हो सके।
माना जा रहा है कि आज दोपहर 12 बजे से शाम के मध्य कभी भी विस्थापित हुए नए स्थान पर प्राण-प्रतिष्ठा का कार्य संपन्न हो जाएगा।
श्रद्धालुओं के लिए दर्शन बंद
शिफ्टिंग के कार्य के चलते श्रद्धालुओं के लिए फिलहाल मंदिर को बंद रखा गया है। पुलिस और प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे शांति और व्यवस्था बनाए रखें। नये स्थान पर प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होने के बाद ही श्रद्धालु एक बार फिर से हनुमंत लला के दर्शन कर सकेंगे।









