नई दिल्ली। अगर आप आगामी दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों पर ट्रेन से घर जाने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए एक महत्वपूर्ण अपडेट है। भारतीय रेलवे 1 अक्टूबर 2025 से जनरल रिजर्वेशन ट्रेन टिकट बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। यह बदलाव मुख्य रूप से आईआरसीटीसी की वेबसाइट और ऐप के माध्यम से होने वाली ऑनलाइन बुकिंग पर लागू होगा। रेलवे ने टिकटों की अवैध बुकिंग (धांधली) को रोकने के लिए यह कदम उठाया है।
नए नियम
प्राथमिकता : रिजर्वेशन शुरू होने के बाद पहले 15 मिनट तक, केवल वही यूजर्स ऑनलाइन टिकट बुक कर पाएंगे, जिनका आईआरसीटीसी अकाउंट आधार वेरिफाइड होगा।
पाबंदी : पहले 15 मिनट की इस विंडो में, आधार वेरिफि़केशन के बिना किसी भी यूजऱ को आईआरसीटीसी की वेबसाइट या ऐप से जनरल रिजर्वेशन टिकट बुक करने की अनुमति नहीं होगी।
काउंटर बुकिंग : यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि रेलवे स्टेशन पर बने PRS (Passenger Reservation System) काउंटर से टिकट बुकिंग की प्रक्रिया पहले की तरह जारी रहेगी, उस पर यह नियम लागू नहीं होगा।
यह नियम पहले केवल तत्काल टिकट बुकिंग पर लागू था, लेकिन 1 अक्टूबर से इसे जनरल रिजर्वेशन टिकटों पर भी लागू कर दिया जाएगा।
यात्रियों के लिए सलाह
चूंकि त्योहारों के दौरान टिकट मिलना मुश्किल होता है, इसलिए जिन यात्रियों को ऑनलाइन टिकट बुक करना है, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे 1 अक्टूबर से पहले ही अपने आईआरसीटीसी अकाउंट को आधार से वेरिफाई करा लें, ताकि रिजर्वेशन शुरू होते ही वे प्राथमिकता के आधार पर पहले 15 मिनट में टिकट बुक कर सकें।









