सिवनी मालवा। श्री खेड़ापति मंदिर, शिवपुर रोड से 451 फीट की विशाल चुनरी यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। पिछले दस वर्षों से लगातार निकाली जा रही यह चुनरी यात्रा, इस बार भी गाजे-बाजे के साथ भव्यता से संपन्न हुई। 16 किलोमीटर पैदल चलकर चढ़ाई चुनरी यह चुनरी यात्रा श्री खेड़ापति मंदिर से प्रारंभ हुई और शीतला माता मंदिर, कल्लू चौक, नर्मदा मंदिर चौक, और गांधी चौक से होते हुए बीजासन देवी महुआ ढाना पहुंची।
श्रद्धालुओं ने खेड़ापति से बिजासन देवी महुआ ढाना तक लगभग 16 किलोमीटर की पैदल यात्रा की और बिजासन देवी मैया को यह 451 फीट लंबी चुनरी श्रद्धापूर्वक अर्पित की। यात्रा के रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया। राज्यसभा सांसद ने की बड़ी घोषणा चुनरी यात्रा में शामिल हुईं राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने बीजासन देवी मंदिर के निर्माण कार्य के लिए 3 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। इस चुनरी यात्रा में राज्यसभा सांसद माया नारोलिया के साथ संतोष पारीक, अरविंद शोहरत, मृगेन्द्र सिंह मंडलोई, यशवंत पटेल, राजेंद्र पालीवाल, रघुवीर राजपूत, दीपिका यादव, जितेंद्र चौहान, कमल चौहान, अभिषेक शर्मा, विशाल महाराज, पप्पू यादव, उत्तम तंवर, और पुनीत पंचारिया सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल थे।









