इटारसी। शहर के बचपन ए प्ले स्कूल और नोबल हाइट्स पब्लिक स्कूल में बच्चों ने हाल ही में दशहरा पर्व को उत्साह के साथ मनाया। साथ ही, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भी श्रद्धापूर्वक मनाई गई।
दशहरा और नवरात्रि उत्सव में गरबा की धूम


बच्चों ने बुराई पर अच्छाई की जीत के पर्व दशहरा को पारंपरिक ढंग से मनाया। इस अवसर पर रामलीला का आयोजन किया गया, जिसमें नन्हे-मुन्ने कलाकारों ने राम, सीता, लक्ष्मण, हनुमान, रावण, कैकयी और दशरथ जैसे महत्वपूर्ण पात्रों का अभिनय बखूबी निभाया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा, राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की पूजा-अर्चना से किया गया।
बच्चों को नवरात्रि और दशहरा का महत्व समझाया।


- शक्ति की आराधना : छात्राओं ने ‘हे गिरी नंदिनी’ पर देवी नृत्य प्रस्तुत कर मां दुर्गा की आराधना की। बच्चों ने अलग-अलग समूह बनाकर उत्साहपूर्वक गरबा नृत्य भी किया।
- कला और सजावट : उत्सव से पहले, बच्चों ने स्वयं रावण के मुखौटे, गरबा और डांडिया को सजाकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।


रघुपति राघव गाकर गांधी जी को किया याद
स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी जी की जयंती भी मनाई गई। स्टाफ और बच्चों ने बापू के तैलचित्र पर माल्यार्पण किया और केक काटकर जन्मदिन मनाया। इस दौरान, मैडम के साथ सभी छात्रों ने मिलकर बापू का प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजाराम’ गाया। बच्चों को गांधी जी के सिद्धांतों से परिचित कराने के लिए बापू के तीन बंदर की झांकी भी बनाई गई। इस आयोजन में शाला शिक्षिकाओं ने विशेष सहयोग किया। इस अवसर पर संचालक दीपक दुगाया, स्कूल हेड मंजू ठाकुर सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।









