इटारसी। जिले में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक चल रहे ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान के अंतर्गत, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, मेहरागांव में एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 72 व्यक्तियों के स्वास्थ्य की जांच की गई।
41 महिलाओं की हुई विशेष जांच
शिविर में विशेष रूप से 41 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें उनकी बीपी (रक्तचाप), शुगर, वजन, ऊंचाई और पेट की जांच शामिल थी। जांच करने वालों में डॉ. सोहेल कुरैशी, शकुन राज (एएनएम), और आशा सोनपुरे (सीएचओ) शामिल थे। इसके अलावा, शिविर में आईं सभी महिलाओं की आभा आईडी भी बनाई गई। गर्भवती महिलाओं की भी जांच कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया गया ताकि मातृत्व सुरक्षित हो सके।
महिलाओं और बच्चों के कल्याण पर फोकस
एमपीडब्ल्यू और जिला मीडिया प्रभारी सुनील साहू ने बताया कि इस महिला स्वास्थ्य शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान स्वस्थ माताओं और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। शिविर को सफल बनाने में रजनी चोरे, मधु पटेल, सीमा राजपूत और साधना ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने गांव में शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार किया और लोगों को जांच के लिए प्रेरित कर सहयोग कार्य किया।









