सिवनी मालवा। सिवनी मालवा के पास ग्राम सातपुरा में सोमवार दोपहर एक नाले में करीब 50 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला पिछले तीन दिनों से लापता थी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाया और शिनाख्त की।
तीन दिन से थीं लापता
मृतक महिला की पहचान सातपुरा निवासी सुंदर बाई कोरकू पत्नी शिवप्रसाद कोरकू के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि सुंदर बाई तीन दिन पहले घर से किसी रिश्तेदार के यहां जाने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन वहां नहीं पहुंचीं। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
पुलिस ने शुरू की जांच
थाना प्रभारी राजेश दुबे ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि वह 2 से & दिन पुराना है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिवनी मालवा भेज दिया है।
थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मृत्यु के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। नकारी के अनुसार, मृतका के दो बेटे हैं, जिनमें से एक सिवनी मालवा में और दूसरा सातपुरा में रहता है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।









