इटारसी। इटारसी तहसील के देहरी, जुझारपुर गांव के निवासी अभिषेक मिश्रा को बिजली विभाग की कथित अनियमितताओं और गलतियों के कारण भारी आर्थिक हानि उठानी पड़ी है। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने ऊर्जा विभाग पर आरोप लगाया है कि उनके स्थाई विद्युत कनेक्शन को मनमाने ढंग से काट दिया गया है, जबकि ट्रांसफार्मर पहले ही स्थापित हो चुका था और दो माह का बिल भी आ चुका था।
निजी ट्रांसफार्मर और लगातार शुल्क भुगतान
शिकायतकर्ता अभिषेक मिश्रा के अनुसार, उन्होंने निजी ट्रांसफार्मर के लिए 26 सितंबर 2025 को आवेदन किया था और सभी आवश्यक शुल्क का भुगतान किया था। उनका बिल क्रमांक AUG25N005595633 और सर्विस क्रमांक N2072019387 है। मिश्र का आरोप है कि विद्युत विभाग ने उन्हें तीन बार NSC कनेक्शन के शुल्क जमा कराए और बाद में उन आवेदनों को निरस्त कर दिया। तीसरी बार शुल्क जमा करने से पहले, उन्होंने कथित तौर पर कार्यपालक अभियंता/प्रबंधक, इटारसी से व्यक्तिगत रूप से पुष्टि भी कराई थी।
कनेक्शन मिला और फिर काट दिया
अभिषेक मिश्रा की शिकायत के मुताबिक, शुल्क जमा करने के लगभग 1 वर्ष बाद ट्रांसफार्मर स्थापित हो गया, मीटर लग गया, और 2 माह का बिजली बिल भी आ चुका था। लेकिन, अब विद्युत विभाग ने उनके आवेदन को ‘नियम विरुद्ध’ बताते हुए उनके कनेक्शन को स्थाई रूप से विच्छेदित कर दिया है। फसलों को नुकसान और क्षतिपूर्ति की मांग शिकायत में मिश्रा ने बताया कि कनेक्शन स्थापित होने की प्रक्रिया में हुई देरी के दौरान पानी न मिलने के कारण उनकी औषधीय फसल बर्बाद हो गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
उन्होंने सवाल उठाया है कि विद्युत विभाग के कर्मचारियों द्वारा की गई गलती का दंड उन्हें क्यों दिया जा रहा है? मिश्रा ने सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से निवेदन किया है कि विभाग या तो उन्हें हुई आर्थिक क्षति की क्षतिपूर्ति करे या उनके विद्युत कनेक्शन को यथावत (पहले की तरह) बहाल करे।









