इटारसी। जीनियस प्लानेट स्कूल में दशहरा उत्सव को इस वर्ष भी विद्यार्थियों और शिक्षकों द्वारा पूर्ण हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया। यह आयोजन न केवल मनोरंजन का साधन बना, बल्कि बच्चों को भारतीय संस्कृति और मूल्यों से परिचित कराने का एक सफल प्रयास भी रहा। उत्सव के दौरान स्कूल का माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण रहा।
प्री-प्राइमरी से कक्षा दूसरी तक के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी भगवान राम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान जी की मनमोहक वेशभूषा में स्कूल आए, जो सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रहे। कक्षाओं के अनुसार रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी कक्षाओं के स्तर के अनुरूप रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कक्षा तीसरी से पांचवीं के छात्रों ने आर्ट एंड क्राफ्ट के माध्यम से तीर-कमान, सजावट की सामग्रियां और दशहरा शुभकामनाओं के ग्रीटिंग कार्ड्स बनाए।
कक्षा छठवीं से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने मिलकर रावण के विभिन्न आभूषण और कपड़े तैयार किए। कक्षा ग्यारहवीं और बारहवीं के छात्रों ने सामूहिक रूप से अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए रावण के दस सिर और एक विशाल 15 फीट ऊंचा रावण बनाया। गरबा और सांस्कृतिक समागम दशहरा उत्सव को और अधिक रोमांचक और मनोरंजक बनाने के लिए सभी विद्यार्थियों ने पारंपरिक गरबा नृत्य की प्रस्तुति दी, जिस पर पूरा स्कूल झूम उठा।
इस अवसर पर स्कूल के संचालक द्वय, जाफर एवं मनीता सिद्दीकी ने बताया कि इस प्रकार के सभी त्योहारों को मनाने का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सभी धर्मों के प्रति आस्था विकसित करना और उन्हें भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं की जानकारी प्रदान करना है। इस भव्य और सफल उत्सव के आयोजन में स्कूल के समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।









