इटारसी। भारत संचार निगम लिमिटेड, महाप्रबंधक कार्यालय, इटारसी में राजभाषा हिन्दी पखवाड़ा का समापन समारोह में हिन्दी के व्यापक प्रचार-प्रसार और उसके महत्व पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ तुलसी साहित्य अकादमी, इटारसी के अध्यक्ष सुनील बाजपेयी और प्रसिद्ध कवयित्री श्रीमती ममता बाजपेयी ने बतौर मुख्य अतिथि किया। इनके साथ, राजकुमार छनेना, महाप्रबंधक, भासंनिलि, इटारसी ने भी माता वागेश्वरी के समक्ष दीप प्रज्वलित किया।
अतिथियों ने किया हिन्दी के महत्व का गुणगान
महाप्रबंधक राजकुमार छनेना ने मुख्य अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर और शॉल व श्रीफल देकर किया। अपने स्वागत उद्बोधन में उन्होंने राजभाषा हिन्दी के महत्व और कार्यालयीन कार्यों में इसके अधिकाधिक प्रयोग की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। मुख्य अतिथि सुनील बाजपेयी ने अपने संबोधन में राजभाषा हिन्दी के व्यापक स्वरूप पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हिन्दी को मजबूत बनाने के लिए इसके अधिकाधिक प्रयोग के साथ-साथ हिन्दी के समाचार पत्र पढऩे की आदत डालनी चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निरंतर अभ्यास के माध्यम से ही हम हिन्दी बोलने और लिखने की त्रुटियों पर नियंत्रण रख सकते हैं।
वहीं, प्रसिद्ध कवयित्री श्रीमती ममता बाजपेयी ने हिन्दी की समावेशी प्रकृति की सराहना करते हुए कहा कि राजभाषा हिन्दी में यह शक्ति है कि वह दूसरी भाषाओं के शब्दों और भावों को आसानी से अपना लेती है, जिससे यह और अधिक समृद्ध होती है। कार्यक्रम का समापन हिन्दी के प्रति संकल्प और उत्साह के साथ हुआ, जिसमें सभी कर्मचारियों ने राजभाषा के प्रयोग को बढ़ाने का प्रण लिया।









