इटारसी। अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा, नई दिल्ली, की ओर से उत्तर प्रदेश तैलिक साहू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए रमेश के साहू एडवोकेट को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। श्री साहू वर्तमान में राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष एवं प्रदेश मुख्य सलाहकार का दायित्व भी निभा रहे हैं।
यह चुनाव 8 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए 7 अक्टूबर को नामांकन होना है। अभा तैलिक साहू महासभा नई दिल्ली के राष्ट्रीय महासचिव रामलाल गुप्ता ने, राष्ट्रीय अध्यक्ष जयदत्त क्षीरसागर (पूर्व मंत्री महाराष्ट्र) की स्वीकृति से, इस आशय के आदेश विगत दिनों जारी किए। आदेश की प्रति अपर महामंत्री डॉ. अरुण भस्मे और उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष कैलाश साहू (पूर्व विधायक) सहित अन्य पदाधिकारियों को भी दी गई है।
केंद्रीय पर्यवेक्षक श्री साहू ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया अनुसार नामांकन 7 अक्टूबर को लखनऊ के शोभा इन में होगा। मतदान 8 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान, गोमती नगर, लखनऊ में कराया जाएगा। चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए महेंद्र भारती को चुनाव अधिकारी, अर्जुन प्रसाद (सहा. प्रथम) एवं उमाशंकर साहू (सहा. द्वितीय) को सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। एडवोकेट श्री साहू ने स्पष्ट किया है कि चुनाव में कोई भी सूचीबद्ध मतदाता बिना पहचान के अपने मत का प्रयोग नहीं कर सकेगा।










