इटारसी। इटारसी-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज सुबह एक कंटेनर पलट गया, जिससे उसमें सवार दो लोग घायल हो गए। दुर्घटना की वजह चालक को नींद का झोंका आना बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सुबह 6:50 बजे के आस-पास सात्विक ढाबा के पास, बैतूल की लाइन पर, एनएच-46 पर हुई। यह कंटेनर ट्रक फॉर्चून (सामान) से भरा हुआ था। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक को अचानक नींद का झोंका आया, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक में सवार बिरजू सिंह (उम्र 53 वर्ष), निवासी राजस्थान, और पवन कुमार (उम्र 45 वर्ष) घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही, 108 इमरजेंसी एंबुलेंस इटारसी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन विश्राम अहिरवार और पायलट प्रदीप सोनी ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और तुरंत उन्हें सरकारी अस्पताल, इटारसी पहुंचाया। पुलिस ने घटना का संज्ञान ले लिया है और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है, ताकि मार्ग पर यातायात सामान्य हो सके।









