इटारसी। ग्रामीण अंचलों में लगातार हो रही भारी बारिश, तेज हवा और आंधी-तूफान ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में कटाई के लिए तैयार खड़ी धान, मक्का और सोयाबीन की फसलों को भारी नुकसान हुआ है, जिससे किसान अब बड़े आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
खटामा निवासी किसान विनोद वारिवा ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि इस समय धान, मक्का और सोयाबीन की फसलें पूरी तरह पकने को तैयार हैं। किसान जल्द ही इनकी कटाई शुरू करने वाले थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों से जारी बेमौसम बारिश और आंधी ने फसलों को जमीन पर गिरा दिया है।
लाखों का नुकसान : किसानों की बढ़ी चिंता
तेज हवा और पानी के कारण फसलों के पौधे जड़ से उखड़ गए हैं और खेतों में पानी भर गया है। किसानों का कहना है कि धान और सोयाबीन की पकी हुई बालियां टूटकर जमीन पर गिर गई हैं। खेतों में पानी भरने से कटी हुई और खड़ी, दोनों तरह की फसलों में नमी बढ़ गई है, जिससे दाना खराब होने लगा है। किसानों को अब उपज की कम गुणवत्ता और कम पैदावार का डर सता रहा है।
किसान वारिवा ने बताया कि इस नुकसान से किसानों को लाखों रुपये की क्षति हुई है और उनकी साल भर की मेहनत बेकार हो गई है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
प्रशासन से तत्काल मदद की गुहार
किसानों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि वे जल्द से जल्द ग्रामीण क्षेत्रों में फसल नुकसान का सर्वे करवाएं, ताकि नुकसान का सही आंकलन हो सके। अन्नदाताओं को उम्मीद है कि सरकार जल्द ही कोई राहत पैकेज घोषित कर उन्हें इस संकट से उबारेगी।









