इटारसी। विश्व विख्यात हरफनमौला गायक, अभिनेता और मध्य प्रदेश की शान किशोर कुमार की मधुर स्मृति को ताजा करने के लिए निनाद सिंगर्स ग्रुप, इटारसी, 12 अक्टूबर, रविवार को एक संगीतमय शाम का आयोजन करने जा रहा है। कार्यक्रम का शीर्षक ‘गीत गाता हूँ मैं……A tribute to Kishore da” रखा गया है। यह कार्यक्रम पंडित भवानी प्रसाद मिश्र ऑडिटोरियम, इटारसी में शाम 7 बजे से शुरू होगा और सभी संगीत प्रेमियों के लिए सादर आमंत्रण है।
नर्मदांचल के चुनिंदा गायक देंगे श्रद्धांजलि
आज कार्यक्रम की जानकारी में ग्रुप के संरक्षक रमेश के साहू ने बताया कि निनाद सिंगर्स ग्रूप, जो इटारसी की एकमात्र पंजीकृत संस्था है, वर्ष 2003 से लगातार हर साल किशोर कुमार की स्मृति में यह विशेष कार्यक्रम आयोजित करता आ रहा है। ग्रुप के अध्यक्ष आलोक गिरोटिया ने बताया कि इस वर्ष भी नर्मदांचल के चुनिंदा गायक अपनी प्रस्तुति देंगे। संस्था सचिव अमिताभ बैस ने जानकारी दी कि 8 मेल और 2 फीमेल सिंगर्स सहित कुल 25 गीतों की प्रस्तुति देने के लिए फिक्स ट्रैक पर रोज अभ्यास कर रहे हैं। इस आयोजन को भव्यता प्रदान करने के लिए बड़ी एलईडी स्क्रीन भी लगाई जा रही है।
पोस्टर जारी, तैयारी ज़ोरों पर
इस भावपूर्ण ‘गीतों भरी शाम’ के आयोजन में रोटरी क्लब इटारसी, इनरव्हील क्लब ऑफ इटारसी, के साथ अन्य प्रायोजकों का सहयोग प्राप्त हो रहा है। कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी ग्रुप के संस्थापक एवं संरक्षक एडवोटेक रमेश साहू की प्रेरक उपस्थिति में पत्रकारों को दी गई। इस अवसर पर ‘गीतों भरी शाम’ का आधिकारिक पोस्टर भी जारी किया गया।
संस्था ने सभी संगीत प्रेमियों को सादर आमंत्रित किया है कि वे आकर किशोर दा के अमर गीतों का आनंद लें और उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करें। इस अवसर पर निनाद ग्रुप के कलाकार संजय दीवान, अजय राज, शशांक वैशाखिया, विशाल पांडेय, चंद्रेश मालवीय, अभिमन्यु बैस, गायिका राधिका राणा और श्वेता पगारे भी मौजूद थे।










