सिवनी-मालवा। नर्मदापुरम जिले की तहसील सिवनी-मालवा में फ्रेंड चर्च (मित्र मंडली आराधनालय) में 5 अक्टूबर को विश्व क्वेकर्स डे हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम और संदेशों का आदान-प्रदान हुआ, जिसकी मुख्य थीम ‘अपने पड़ोसियों से प्रेम करो’ थी।
मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष रितेश जैन और पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित व तुलसीराम कुशवाह ने शिरकत की। चर्च प्रबंधन ने पुष्पमालाओं से अतिथियों का भव्य स्वागत किया। अतिथियों ने दी शुभकामनाएं और एकता पर जोर नगर पालिका अध्यक्ष रितेश जैन ने इस अवसर पर फ्रेन्ड चर्च के सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उनका हर धर्म के लोगों से मिलना-जुलना लगा रहता है और वह सभी धर्मों का सम्मान करते हैं।
पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित ने कहा कि ईसाई धर्म से उनका पुराना लगाव और मित्रता रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमें धर्म और जाति का भेदभाव नहीं रखना चाहिए और निरंतर अच्छे कर्मों तथा धर्म और पुण्य के कार्यों पर ध्यान देना चाहिए। पार्षद प्रतिनिधि तुलसीराम कुशवाह ने विश्व क्वेकर्स डे की शुभकामनाएं दीं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन इस अवसर पर फ्रेंड चर्च के नन्हे बच्चों ने मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी।
संडे स्कूल के बच्चों ने नाटक और गीत के माध्यम से अपनी प्रस्तुति दी, जिसकी थीम अपने पड़ोसियों से प्रेम करो पर आधारित थी। बच्चों ने इस संदेश को प्रभावी ढंग से दर्शकों तक पहुंचाया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद प्रतिभोज का आयोजन किया गया। फ्रेंड चर्च (मित्र मंडली आराधनालय) ने एकजुट होकर विश्व क्वेकर्स डे मनाया और अपने पड़ोसियों से प्रेम करो की थीम का आपस में प्रचार-प्रसार किया।









