इटारसी। विद्युत लोको शेड इटारसी के रेल कर्मचारियों ने भी प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के नेतृत्व में आज शेड में धरना प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन का मुख्य कारण प्रशासन की मनमानी और कर्मचारियों को मूलभूत सुविधाएं न दिया जाना है। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सीनियर डीईई के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए।
विरोध प्रदर्शन के मुद्दे
पश्चिम मध्य रेलवे मजदूर संघ ने विशेष रूप से दो प्रमुख मुद्दों को उठाया इनमें मूलभूत सुविधाओं का अभाव और कैंटीन की खाद्य सामग्री के बढ़े हुए दर शामिल हैं। संगठन के मंडल कोषाध्यक्ष सह टीआरएस/टीआरडी शाखा अध्यक्ष भागीरथ मीणा ने साफ किया कि प्रशासन की मनमानी और कर्मचारियों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कर्मचारियों की चेतावनी
भागीरथ मीणा ने प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन का रवैया नहीं बदला और कर्मचारियों को मूलभूत सुविधाएं नहीं दी गईं, तो जल्द ही सीनियर डीईई का शेड के मुख्य द्वार पर पुतला दहन किया जाएगा और ‘टूल डाउन’ भी किया जाएगा।
प्रदर्शन में डब्ल्यूसीआरएमएस के कई पदाधिकारी और सैकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे, जिनमें सचिव कुंदन आगलावे, कार्यकारी अध्यक्ष मिलन कुमार गुप्ता, जोनल कार्यकारी सदस्य राजेश गौर और आकाश यादव, तथा इंजीनियरिंग शाखा सचिव अर्जुन उटवार प्रमुख थे।









