रितेश राठौर, इटारसी/केसला। इटारसी तहसील के केसला ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले सुखतवा रेंज के चाटुआ बीट में बुधवार सुबह तेंदुए के तीन शावक मृत पाए गए। इन शावकों की उम्र करीब 7-8 महीने बताई जा रही है। शावक चाटुआ के जंगल में सुबह करीब 7 बजे मृत अवस्था में मिले।
जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। मौके पर सीसीएफ अशोक कुमार चौहान, एसडीओ मानसिंह मरावी, रेंजर और वनरक्षक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जंगली जानवर के हमले से हुई मौत की आशंका
डॉक्टर गुरुदत्त शर्मा की देखरेख में तीनों शावकों का पोस्टमार्टम कराया गया, वहीं इनका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। एसडीओ मानसिंह मरावी ने प्रारंभिक तौर पर बताया कि शावकों की मौत किसी जंगली जानवर के हमले से हुई है, जिसमें बाघ या अन्य तेंदुआ शामिल हो सकता है।
जिस जगह शावक मृत मिले, वहां जंगली जानवरों के निशान भी पाए गए हैं। वन विभाग के अधिकारियों ने आशंका जताई है कि किसी मादा बाघ ने क्षेत्रीय वर्चस्व या शिकार के लिए इस घटना को अंजाम दिया होगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में एक शावक की कॉलर की हड्डी टूटी मिली है, जो हमले की पुष्टि करता है। चाटुआ नदी किनारे तीनों शावकों का पोस्टमार्टम कराने के बाद शाम 6 बजे उनका अंतिम संस्कार किया गया। वन विभाग अब इस क्षेत्र में अन्य जंगली जानवरों की गतिविधियों पर नजर रख रहा है।









