इटारसी। शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, इटारसी में विद्यार्थियों और स्टाफ के लिए सिक्योरिटी एंड एक्स्चेंज बोर्ड ऑफ़ इंडिया और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के संयुक्त तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण ‘स्मार्ट निवेशक जागरूकता कार्यक्रम’ कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला में, सिक्युरिटी मार्केट ट्रेनर श्रीमती पूजा ऋषि ने मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित होकर छात्र-छात्राओं को वित्तीय साक्षरता के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत वित्तीय योजना बनाने, शेयर मार्केट एवं म्युचुअल फंड्स में निवेश की मूल बातें, और निवेश से जुड़े जोखिम (रिस्क) एवं विभिन्न भ्रांतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को वित्तीय बाजारों की सही समझ देकर एक स्मार्ट निवेशक बनने के लिए प्रेरित करना था।
यह कार्यक्रम संस्था के प्राचार्य आरके चोलकर के निर्देशन में तथा विभागाध्यक्ष श्रीमती विद्यावती सूर्यवंशी, विकास सिद्धू, और श्रीमती पल्लवी नरवर के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यशाला में संस्था के स्टाफ सदस्य इति महालहा, शिवांगी मालवीय, सोनिया अग्रवाल, लखन लाल कोरी, शैलेन्द्र राजपूत, और आशीष चौरे सहित 100 से अधिक विद्यार्थी उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों के उत्साह को बनाए रखने के लिए एक क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने हेतु पुरस्कार भी वितरित किए गए। इस आयोजन से विद्यार्थियों में वित्तीय प्रबंधन और निवेश के प्रति जागरूकता बढ़ी है।









