इटारसी। शहर के जरूरतमंद और बेसहारा लोगों को दोनों वक्त का पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने वाली दीनदयाल रसोई (खाटू श्याम रसोई) का हाल ही में जिला शहरी विकास अभिकरण, नर्मदापुरम और नगर पालिका परिषद इटारसी के संयुक्त तत्वावधान में निरीक्षण किया गया। यह रसोई मध्य प्रदेश शासन और नगर पालिका के सहयोग से थाने के समीप संचालित हो रही है और मात्र पाँच रुपये में सैकड़ों लोगों को भरपेट भोजन मुहैया करा रही है।
निरीक्षण अधिकारी जोशना चौहान द्वारा किए गए निरीक्षण में रसोई की आवश्यक सुविधाएं और व्यवस्थाएं अत्यंत अच्छी पाई गईं। विशेष रूप से साफ-सफाई और संचालन की संपूर्ण व्यवस्था को बेहतर बताया गया। अधिकारियों ने केंद्र द्वारा किए जा रहे सेवा कार्य की सराहना की और भविष्य में भी इन बेहतर व्यवस्थाओं को बनाए रखने के निर्देश दिए।
इटारसी एक बड़ा रेल जंक्शन और बस स्टैंड होने के कारण, यहाँ रोजाना सैकड़ों गरीब, खानाबदोश और भूखे-प्यासे लोगों का आना-जाना लगा रहता है, जिनके लिए यह रसोई एक बड़ा सहारा है। खाटू श्याम रसोई का संचालन मनीष सिंह ठाकुर, नितिन वर्मा, शालिनी निमोरिया, यश ठाकुर, किशोर केवट, खेमचंद रायकवार, और सिद्धार्थ चौधरी के सहयोग से नियमित रूप से किया जा रहा है। दानदाताओं का सहयोग भी इस पुनीत कार्य को निरंतर गति दे रहा है।









