- डीआरएम पंकज त्यागी ने किया रानी कमलापति-इटारसी रेलखंड का सघन निरीक्षण
इटारसी। पश्चिम मध्य रेल, भोपाल मंडल के रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने आज संबंधित अधिकारियों के साथ रानी कमलापति से इटारसी रेल खंड का विस्तृत निरीक्षण किया। यह दौरा विशेष रूप से त्योहारी सीजन के मद्देनजर यात्री सुविधाओं और परिचालन व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर केंद्रित रहा।
इटारसी में यात्री सुविधाओं की गहन जांच
डीआरएम श्री त्यागी ने इटारसी रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान, खानपान स्टालों की जांच की गई, साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया और त्योहारों के मद्देनजर यात्री सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। डीआरएम ने अधिकारियों को त्योहारी सीजऩ को देखते हुए इटारसी स्टेशन पर समुचित यात्री सुविधाओं को सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
तकनीकी शेड और रनिंग रूम का निरीक्षण
श्री त्यागी ने इटारसी में स्थित एसी शेड और डीजल शेड का भी निरीक्षण किया। एसी शेड में, उन्होंने लोको पायलटों को सिमुलेटर कक्ष में दी जाने वाली ट्रेनिंग का अवलोकन किया। उन्होंने रनिंग रूम का निरीक्षण किया और लोको पायलटों को प्रदान की जाने वाली सुविधाओं की जांच की। इसका उद्देश्य ट्रेन संचालन के पश्चात् रनिंग स्टाफ को बेहतर आराम सुनिश्चित करना है, जो सुरक्षित रेल परिचालन के लिए आवश्यक है। डीआरएम ने स्वयं रनिंग रूम में भोजन की गुणवत्ता की जांच की और स्वाद लिया, जिसे उन्होंने संतोषजनक पाया।
अनअप्रूव्ड पानी की बोतलें जब्त

निरीक्षण दौरे के दौरान, डीआरएम ने गाड़ी संख्या 19483 अहमदाबाद-सहरसा एक्सप्रेस के पेंट्रीकार की जांच की। जांच में अनअप्रूव्ड (गैर-मान्यता प्राप्त) पानी की बोतलें पाई गईं, जिन्हें तत्काल डिस्पोजल करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने ट्रेन में ऑन-बोर्ड सफाई कर्मचारियों के पहचान पत्र की भी जांच की और साफ-सफाई की सुनिश्चिति के निर्देश दिए। इस निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल विधुत इंजीनियर (टीआरएस) एम डी कोरी, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर जितेन्द्र श्रीवास्तव, मंडल इंजीनियर (दक्षिण) मोहित साहू सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








