इटारसी। सनातन धर्म संस्कृति के सबसे बड़े पर्व दीपावली की तिथि को लेकर धर्म संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक द्वारिकाधीश मंदिर परिसर में आयोजित की गई। कार्तिक मास की अमावस्या तिथि को मनाए जाने वाले इस महापर्व की तिथि निर्धारण के लिए बैठक बुलाई थी। धर्म संघ में उपस्थित ब्राह्मणों ने विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इस वर्ष दीपावली का पर्व 20 अक्टूबर को मनाया जाएगा। धर्म संघ की इस बैठक की अध्यक्षता प्रभात शर्मा ने की।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ब्राह्मण जन उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से प्रमोद कुमार चौबे, अशोक शर्मा, विनय भार्गव, मुरली उपाध्याय, अशोक भार्गव, प्रमोद भार्गव, अनिल तिवारी, सुधीर शुक्ला, महेश उपाध्याय, प्रशांत भार्गव, सुधाकर मिश्रा सहित कई अन्य विद्वान शामिल थे। इस निर्णय के साथ ही क्षेत्र के धर्मनिष्ठ लोगों ने 20 अक्टूबर को दीपावली की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
दीपावली और दूज के मुहूर्त घोषित
दी ग्रेन मर्चेंट एंड ऑयल सीड्स मर्चेंट एसोसिएशन और न्यू ग्रेन एंड ऑयल सीड्स मर्चेंट एसोसिएशन, इटारसी ने व्यापारियों और स्थानीय निवासियों के लिए इस वर्ष दीपावली और दूज के शुभ मुहूर्त की घोषणा कर दी है। यह घोषणा आगामी त्योहारों के लिए की गई है, जिसमें व्यापारिक कार्यों और लक्ष्मी पूजन का शुभ समय निर्धारित किया गया है। दीपावली मुहूर्त व्यापारी संघों के अनुसार, दीपावली पर्व का महत्वपूर्ण गादी मुहूर्त और लक्ष्मी पूजन का समय इस प्रकार रहेगा।
- धनतेरस : 18 अक्टूबर 2025
- दीपावली : 20 अक्टूबर 2025
- गादी मुहूर्त : दोपहर 2:45 बजे से 3:05 बजे तक
- लक्ष्मी पूजन : शाम 5:30 से 7:10 बजे तक
- अन्नकूट : 22 अक्टूबर 2025
- दूज (भाई दूज) मुहूर्त
दीपावली के बाद आने वाले दूज (भाई दूज) के लिए भी विशेष मुहूर्त तय किए गए हैं, जो कि 23 अक्टूबर 2025, गुरुवार को है। इस दिन मंडी और बाजार में व्यापारिक कार्यों के लिए अलग-अलग शुभ समय निर्धारित किया गया है।
- मंडी के लिए दूज मुहूर्त : सुबह 11:38 बजे से 11:52 बजे तक
- बाजार के लिए दूज मुहूर्त : सुबह 10:42 बजे से 10:56 बजे तक
व्यापारी संघों ने सभी व्यापारियों और नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे इन निर्धारित शुभ मुहूर्तों के अनुसार ही अपने धार्मिक और व्यावसायिक कार्यों का संचालन करें।








