नर्मदापुरम। जिला नर्मदापुरम पुलिस को शहर में हुई दो सिलसिलेवार चेन स्नेचिंग की घटनाओं को सुलझाने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा (भापुसे) के मार्गदर्शन में गठित संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद एक आरोपी (विधि विरुद्ध बालक) को भोपाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी की गई सोने की चेन, मंगलसूत्र का पेंडल और घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
ये थीं घटनाएं
थाना देहात 01 अक्टूबर 2025: फरियादिया सोनिया चौरे, निवासी कालिका नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शाम करीब 6 बजे जब वह अपने पति के साथ डबल फाटक ओवर ब्रिज के पास थीं, तभी एक बिना नंबर की पल्सर मोटर साईकिल पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन (जिसमें पेंडल लगा था) झपट ली और भाग गए। इस पर थाना देहात में अपराध दर्ज किया गया।
थाना कोतवाली 01 अक्टूबर 2025 : इसी दिन शाम करीब 5:30 बजे फरियादिया मोनिका उमरिया, निवासी कमला हाईटेक सिटी ने जिला अस्पताल तिराहा, चाणक्य फोटो कॉपी के सामने उनके गले से मंगलसूत्र पर झपट्टा मारने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिससे मंगलसूत्र का पेंडल टूटकर बदमाश के हाथ में आ गया। इस संबंध में थाना कोतवाली में अपराध पंजीबद्ध किया।
पुलिस की गहन कार्रवाई और रेस्क्यू
शहर में लगातार हो रही इन घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा के निर्देश पर तथा एएसपी अभिषेक राजन एवं एसडीओपी जितेंद्र कुमार पाठक के निर्देशन में थाना कोतवाली और देहात की संयुक्त टीम का गठन किया।
टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शहर एवं आसपास के करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में संदेही युवक भोपाल तिराहा से बुदनी की ओर जाते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम ने बुदनी, बरखेड़ा, ओबेदुल्लागंज, मंडीदीप, मिसरोद होते हुए भोपाल तक रूट के फुटेज खंगाले और लगातार भोपाल में डेरा डाले रखा।
भोपाल से हुई गिरफ्तारी
10 अक्टूबर 2025 को विश्वसनीय मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ग्यारह मील ओवर ब्रिज के नीचे से घटना में प्रयुक्त मोटर साईकिल पर सवार एक युवक को रोका। पूछताछ में युवक (विधि विरुद्ध बालक) ने अपने दो अन्य साथियों जीशान खान निवासी अर्जुन नगर, भोपाल और एक अन्य के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के पास से सोने की एक चेन और सोने के मंगलसूत्र का पेंडल तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर लिया। गिरफ्तार किए विधि विरुद्ध बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा। शेष आरोपी जीशान खान और उसके एक अन्य साथी की तलाश जारी है । आरोपियों ने पूछताछ में जिला भोपाल के थाना मिसरोद एवं थाना कोलार क्षेत्र में भी इसी प्रकार की घटना कारित करना स्वीकार किया है। इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक कंचन ठाकुर, निरीक्षक सौरभ पाण्डेय, निरीक्षक पदम सिंह मौर्य सहित पूरी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।









