इटारसी। श्री चतुर्भुज काब्जा छात्रवृत्ति समिति एवं वरिष्ठ नागरिक मंच के तत्वावधान में निर्धन मेधावी छात्र सहायता निधि छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम गोठी धर्मशाला में हुआ। इस कार्यक्रम के तहत कुल 28 मेधावी छात्र-छात्राओं को 28,000 की नकद राशि वितरित की। अध्यक्षता मंच अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार सीरीया ने की। कार्यक्रम का आरंभ स्मृति शेष चतुर्भुज काब्जा के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ।
छात्रवृत्ति कोष का इतिहास
स्वागत उद्बोधन में डॉ. ज्ञानेंद्र नाथ पांडे ने छात्रवृत्ति कोष के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसकी शुरुआत वर्ष 2012 में काब्जा द्वारा दिए एक लाख रुपए की दान राशि पर मिलने वाले ब्याज से हुई थी। बाद में मंच के कई सदस्यों ने भी कोष में और राशि जमा की। मंच का लक्ष्य है कि इस कोष के ब्याज से प्रतिवर्ष 30 मेधावी छात्र-छात्राओं को 1000 प्रति छात्र की दर से छात्रवृत्ति प्रदान की जाए। उन्होंने बताया कि विगत 14 वर्षों में सैकड़ों विद्यार्थी इस सहायता निधि से लाभान्वित हो चुके हैं। कार्यक्रम को अध्यक्ष डॉ. विनोद सीरिया और पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री चन्द्रप्रभा ठाकुर ने भी संबोधित किया।
लाभान्वित होने वाले विद्यार्थी
संदीपिनी हायर सेकेंडरी स्कूल, पीपल मोहल्ला के 10 छात्र/छात्राएं, कन्या हायर सेकेंडरी, पुरानी इटारसी की 10 छात्राएं और पीएम श्री कन्या हायर सेकंडरी, सूरजगंज की 8 छात्राएं शामिल हैं। छात्रवृत्ति राशि के अलावा, मंच द्वारा प्रत्येक विद्यार्थी को बिस्कुट पैकेट और फल भी वितरित किए गए।
संचालन प्रवक्ता राजकुमार दुबे ने किया, सचिव विजय मंडलोई ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अशोक सक्सेना, डॉ. ज्ञानेंद्र पांडे, टी.आर. चोलकर, सुशील शर्मा, सुरेश रघुवंशी सहित मंच के कई वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। संदीपिनी शाला के शिक्षक देवेंद्र कुमार पटेल का कार्यक्रम में सराहनीय योगदान रहा।









