इटारसी। त्योहारी सीजन को देखते हुए भोपाल मंडल रेल प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा के लिए लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में, मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) पंकज त्यागी के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए, इटारसी की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने 51 लाख रुपये के साइबर फ्रॉड मामले की एक संदिग्ध आरोपी महिला को चलती ट्रेन से गिरफ्तार किया है।
घटना शनिवार,12 अक्टूबर की है। वरिष्ठ अधिकारी से प्राप्त सूचना के आधार पर, रेल सुरक्षा बल पोस्ट इटारसी के उप निरीक्षक ओम प्रकाश गुर्जर, राजवीर सिंह, आरपीएफ बैतूल के उप निरीक्षक सचिन सोनुले, स्टाफ तथा जीआरपी इटारसी के प्रभारी आरक्षक केके यादव मय स्टाफ के साथ मिलकर कार्रवाई की गई। टीम ने गाड़ी संख्या 07075 हैदराबाद-गोरखपुर स्पेशल के ए-2 कोच की बर्थ संख्या 40 से संदिग्ध महिला को प्राप्त फोटो के आधार पर नीचे उतारा।

पूछताछ में महिला ने स्वयं को मुंबई के काला चौकी की निवासी बताया। आरपीएफ पोस्ट इटारसी में महिला को सुरक्षित रखा गया और आंध्र प्रदेश के एलुरु पुलिस थाना को इस बारे में सूचित किया गया। रविवार,13 अक्टूबर को एलुरु पुलिस थाना, आंध्र प्रदेश से उप निरीक्षक बीएमव्ही राजा अपनी टीम के साथ आरपीएफ पोस्ट इटारसी पहुंचे। उन्होंने आईटी एक्ट के तहत पुलिस स्टेशन में दर्ज 51 लाख रुपये के साइबर फ्रॉड मामले की एफआईआर प्रस्तुत की।
इसके बाद, आरपीएफ और जीआरपी की मौजूदगी में, आरोपी महिला को सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए, गवाहों के समक्ष एलुरु पुलिस टीम को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया। सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने इस संबंध में बताया कि भोपाल रेल मंडल यात्रियों की सुरक्षा की दिशा में तत्परता से कार्यरत है। उन्होंने कहा कि रेल प्रशासन ट्रेनों और रेल परिसर में अपराधों की रोकथाम के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहा है। यह गिरफ्तारी रेल सुरक्षा बल की तत्परता और विभिन्न राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय को दर्शाती है।








