इटारसी। लायंस क्लब इंटरनेशनल के आह्वान पर 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक चले ‘लायंस सेवा सप्ताह’ का समापन इटारसी में ‘मेंटल हेल्थ जागरूकता शिविर’ के साथ किया गया। लायंस क्लब इटारसी कपल द्वारा यह शिविर ‘लायंस मेंटल हेल्थ जागरूकता अभियान’ के तहत बुधवार को स्थानीय उपवन में प्रात: 7 बजे आयोजित किया गया।
शिविर में क्लब की सीनियर मेंबर डॉ. लीना राकेश बत्रा ने योग और ध्यान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित सदस्यों को तनाव मुक्त जीवन जीने की कला सिखाई और व्यस्त दिनचर्या में खुद को स्वस्थ रखने के तरीकों पर मार्गदर्शन दिया। क्लब सचिव डॉ. विजयंत बड़कुल ने वर्तमान सामाजिक मुद्दों पर अपने विचार रखते हुए कहा कि, आज के समय में आत्महत्या और हिंसा जैसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं को मेडिटेशन और सकारात्मक विचारों (हैप्पी थॉट्स) के माध्यम से प्रभावी ढंग से रोका जा सकता है।
क्लब अध्यक्ष लायन सुनील शिल्पी सराठे ने इस सफल आयोजन के लिए सभा में उपस्थित सभी जनों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से चार्टर प्रेसिडेंट प्रीति अभय दुबे, अल्पेश मोर, संजीव साहू सहित कॉलोनी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इस जागरूकता शिविर के माध्यम से क्लब ने शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर बल दिया।








