इटारसी। भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय सुखतवा में सत्र 2025-26 की युवा उत्सव प्रतियोगिताओं का तीन दिवसीय रंगारंग आयोजन आज संपन्न हो गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत ने इस अवसर पर कहा कि युवा उत्सव अपनी प्रतिभा निखारने का मंच होता है और यह युवाओं को पढ़ाई के अलावा अन्य क्षेत्रों में आगे बढऩे का अवसर देता है।
प्राचार्य डॉ. राजपूत के मार्गदर्शन और श्रीमती संध्या उपाध्याय (युवा उत्सव कार्यक्रम प्रभारी) के नेतृत्व में, मेहंदी, रंगोली, एकल गायन, समूह गायन, एकल नृत्य, समूह नृत्य, क्ले मॉडलिंग, पोस्टर मेकिंग, और लोक नृत्य जैसी विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
ये रहे प्रमुख विजेता
एकल गायन में नेहा नर्रे, क्ले मॉडलिंग में संजना नागवंशी, भाषण प्रतियोगिता में दिलीप, पोस्टर मेकिंग में नेहा धुव, भारतीय ज्ञान परंपरा (कार्टूनिंग) में शिवानी धुर्वे, वाद विवाद प्रतियोगिता (पक्ष) में रितु मालवीय, वाद विवाद प्रतियोगिता (विपक्ष) में मोनिका बानिया, प्रश्न मंच में महिमा कमरे और साथी विजेता रहे। विजेता छात्र-छात्राओं को अब जिला स्तरीय युवा उत्सव प्रतियोगिता में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. हिमांशु चौरसिया, डॉ. मंजू मालवीय, कामधेनु पटोदिया, डॉ. सतीश ठाकरे, डॉ. राधा आशीष पांडे और डॉ. वेद प्रकाश भारद्वाज ने निर्णायक की भूमिका निभाई। वहीं, कार्यक्रम प्रभारी संध्या उपाध्याय के साथ डॉ. सौरभ तिवारी, आयुष सादराम और डॉ. महेंद्र चौधरी ने सहयोग प्रदान किया।









