इटारसी। ओवरब्रिज के पास आज प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 170 बोरी खाद से भरी एक ट्राली और उसके चालक को पकड़ा है। तहसीलदार शक्ति सिंह तोमर ने मौके पर यह कार्रवाई की और ट्राली तथा चालक को हिरासत में लेकर इटारसी थाने पहुंचाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी तुरंत मौके पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार, इटारसी एसडीएम नीलेश शर्मा, नर्मदापुरम एसडीएम एसडीएम नीता कोरी और नर्मदापुरम के तहसीलदार व अतिरिक्त तहसीलदार तुरंत इटारसी थाने पहुंचे। पुलिस बल की मौजूदगी में ट्राली में रखे खाद की गहन जांच जारी है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह खाद कहां से लाई गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था, संबंधित ट्रैक्टर का मालिक कौन है।
प्रशासन यह जांच कर रहा है कि खाद की यह खेप वैध है या अवैध तरीके से ले जाई जा रही थी, खासकर ऐसे समय में जब खाद की कालाबाजारी की शिकायतें आती रहती हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ऐसे चली कहानी
बाबई डबल लॉक से ट्रॉली में 170 बोरी डीएपी भरी गई। वहां से रवाना होने पर राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के प्रदेश मंत्री रमाकांत मीणा को किसी ने इसकी सूचना दी। ट्रॉली तक तक आंचलखेड़ा क्रास हो गयी थी। श्री मीणा ने पीछा किया, पांजराकलॉ में ड्रायवर को रोका तो वह नहीं रुका। उन्होंने नर्मदापुरम एसडीएम श्रीमती नीता कोरी को कॉल किया, वहां से इटारसी सूचना आयी और ओवरब्रिज पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया गया।
किसानों को पांच बोरी मुश्किल
किसानों को पांच बोरी डीएपी मिलना मुश्किल हो रहा है और इस ट्रैक्टर ट्रॉली में 170 बोरी डीएपी भरी थी। इतनी अधिक मात्रा में किसी को नहीं दी जा सकती है। अब सवाल यह है कि आखिर कौन इसके पीछे, कहां जा रही थी यह ट्रैक्टर-ट्रॉली। किसानों को उम्मीद है कि प्रशासन इसकी जांच कर रहा है, उम्मीद है, जल्द ही खाद की कालाबाजारी करने वाले सामने आएंगे और किसानों को खाद मिलेगी।
इनका कहना है…
सूचना प्राप्त हुई थी कि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली डबल लॉक सेंटर से खाद लेकर जा रही है, संदिग्ध होने पर पीछा किया। संबंधित के पास कोई बिल या अन्य दस्तावेज नहीं मिले हैं। अभी परीक्षण किया जा रहा है, इसके बाद विधि अनुसार जो भी पाया जाएगा, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
नीलेश शर्मा, एसडीएम इटारसी
हम विगत एक माह से कालाबाजारी करने वालों पर नजर रख रहे हैं, आज मुझे सूचना मिली तो मैंने पीछा किया, जब ट्रैक्टर चालक नहीं रुका तो एसडीएम नर्मदापुरम को कॉल किया और इटारसी में ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया।
रमाकांत मीणा, किसान नेता









