इटारसी। आगामी दीपावली त्योहार को देखते हुए नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा (भापुसे) के सख्त निर्देशों पर इटारसी पुलिस ने अवैध पटाखा और विस्फोटक सामग्री के भंडारण एवं विक्रय के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक आरोपी के घर से 1,03,435 मूल्य की अवैध विस्फोटक सामग्री जब्त की है।
भीड़भाड़ वाले इलाके में किया था भंडारण
थाना इटारसी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इटारसी के भीड़भाड़ वाले भाट मोहल्ला इलाके में एक व्यक्ति ने अपने घर में बड़ी मात्रा में अवैध पटाखों और विस्फोटक सामग्री का भंडारण कर रखा है।
संयुक्त टीम की दबिश
प्राप्त सूचना के आधार पर, थाना इटारसी पुलिस स्टाफ और राजस्व विभाग (तहसीलदार) की एक संयुक्त टीम ने तत्काल भाट मोहल्ला इटारसी निवासी अभिषेक पिता शिवदास सिंह राजपूत के घर पर दबिश दी। दबिश के दौरान, टीम ने भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री और पटाखे जब्त किए, जिनकी कुल कीमत 1,03,435 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी अभिषेक राजपूत के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
यह संपूर्ण कार्रवाई पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा (भापुसे) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन एवं एसडीओपी इटारसी वीरेन्द्र मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी इटारसी निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई। कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला, उपनिरीक्षक प्रवीण यादव, प्रधान आरक्षक उपेंद्र दुबे, आरक्षक महेन्द्र, अंकित, राजकुमार, संदीप और राजेश की सक्रिय भूमिका रही।








