- भोपाल के हुजूर से विधायक रामेश्वर शर्मा ने पत्रकार वार्ता में कही यह बात
- मोदी कर रहे विवेकानंद, गांधी और ठेंगड़ी के स्वदेशी स्वप्न को साकार
- ‘आत्मनिर्भर भारत’ से 2047 तक $30 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था का लक्ष्य
इटारसी। भारतीय जनता पार्टी के विधायक रामेश्वर शर्मा ने इटारसी में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए देश की जनता से स्वदेशी अपनाने पर जोर दिया, ताकि छोटे व्यापारियों, मजदूरों और उद्यमियों को लाभ हो तथा देश का पैसा देश के भीतर ही रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान और ‘स्वदेशी संकल्प’ को स्वामी विवेकानंद, महात्मा गांधी, और दत्तोपंत ठेंगड़ी के ‘स्वदेशी स्वप्न’ को साकार करने वाला बताया।
शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र और 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का संकल्प लिया है, जिसका मार्ग ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘स्वदेशी’ से होकर जाता है। उन्होंने ‘हर घर स्वदेशी’ को मंत्र बताया और कहा कि आज स्वदेशी का मतलब केवल खादी या दिए नहीं, बल्कि ‘ब्रह्मोस मिसाइल से लेकर सेमीकंडक्टर’ तक है।
ये बतायीं उपलब्धियां
- रक्षा उपकरण : भारत अब 450 से अधिक रक्षा उपकरण स्वयं बना रहा है और निर्यात कर रहा है। रक्षा निर्यात 2024-25 में 21 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
- मोबाइल फोन : भारत अब दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता है, जहाँ 97 फीसद मोबाइल यहीं एसेम्बल/निर्मित हो रहे हैं।
- सेमीकंडक्टर/चिप्स : 100 फीसद आयात पर निर्भरता खत्म करने के लिए गुजरात में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और माइक्रोन के संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं।
- खाद्यान्न : भारत खाद्यान्न उत्पादन में विश्व में दूसरे नंबर पर है, कुल उत्पादन 2024-25 में 353.96 मिलियन टन रहा।
- सौर ऊर्जा : सौर ऊर्जा क्षमता 2014 के 2.82 गीगावॉट से बढ़कर 110 गीगावॉट हो चुकी है, जो 39 गुना वृद्धि है।
जब मीडिया ने विदेशी माल के आयात से संबंधित सरकारी नीतियों पर सवाल किया, तो शर्मा ने इसे कुछ अंतर्राष्ट्रीय मापदंडों का पालन बताया, लेकिन साथ ही नागरिकों से स्वदेशी अपनाने का अनुरोध दोहराया। खाद की कमी पर उन्होंने कहा कि सामग्री विदेशों से आयात करनी होती है और किसानों द्वारा ज्यादा खाद लेने के कारण कमी होना स्वभाविक है, लेकिन यह समस्या जल्द ही खत्म हो जाएगी।
शर्मा ने कहा कि अंतरिक्ष तकनीक (चंद्रयान-3, आदित्य एल-1) और जेनेरिक दवाइयों के निर्यात में भी स्वदेशी तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, और जीएसटी रिफॉर्म भी ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को मजबूत करेगा। इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, जिला भाजपा अध्यक्ष श्रीमती प्रीति शुक्ला, नगर पालिका इटारसी के अध्यक्ष पंकज चौरे, नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे भी मौजूद रहे।









