नर्मदापुरम। पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए, थाना कोतवाली पुलिस ने चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की गई 41 साडिय़ां जब्त की हैं। जब्त की गई साडिय़ों की कीमत लगभग 25,000 रुपये बताई गई है।
कोतवाली थाना प्रभारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर 2025 को फरियादी तुषार बडानी ने थाने में उपस्थित होकर पुरानी तहसील के सामने, सतरस्ता नर्मदापुरम स्थित अपनी साड़ी की दुकान से चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विवेचना के दौरान मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों से प्राप्त जानकारी के आधार पर, कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में राजा यादव पिता ब्रज मोहन, 29 साल, निवासी राधाकृष्ण मंदिर के पास, आदमगढ़, नर्मदापुरम और तरुण मालवीय पिता पुरुषोत्तम 33 साल, निवासी दुर्गा आदि शक्ति मंदिर के पास, नारायण नगर, नर्मदापुरम शामिल हैं। कड़ाई से पूछताछ करने पर, दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना को स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई कुल 41 साडिय़ां बरामद कीं, जिनकी कीमत 25,000 रुपए है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
चोरी के आरोपियों को गिरफ्तार करने और माल बरामद करने की इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर के नेतृत्व में उप निरीक्षक जितेंद्र चौहान, उप निरीक्षक अनुज बघेल, प्रधान आरक्षक राजकुमार, कमलेश, अजय दीक्षित और आरक्षक सतीश की सक्रिय और सराहनीय भूमिका रही।









