इटारसी। शुक्रवार दोपहर इटारसी क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना उस समय हुई जब पिता-पुत्र बाबई खुर्द से छात्रावास से बेटे को लेकर वापस लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, तीखड़ के छीपाबड़ निवासी राधेलाल अपने बेटे अनिल को बाबई खुर्द स्थित छात्रावास से लेकर बाइक से अपने गाँव लौट रहे थे। रास्ते में एक तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि राधेलाल के सिर में गंभीर चोट लगी और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे में घायल हुए बेटे अनिल के सिर और गर्दन में गहरी चोटें आई हैं। उसे तुरंत इटारसी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।मृतक राधेलाल के भाई दिलीप ने बताया कि उनके बड़े भाई बेटे को छात्रावास से लेकर वापस आ रहे थे। राधेलाल की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में मातम छा गया है। उनके परिवार में पत्नी और एक बेटी हैं, जो इस घटना से सदमे में हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में सरकारी अस्पताल पहुंचे। पुलिस घटना स्थल की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा किस बस के द्वारा किया गया और दुर्घटना के समय बस का चालक कौन था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।








