इटारसी। आगामी दीपावली के पर्व को देखते हुए, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती निधि चौरे ने ‘लोकल फॉर वोकल’ के सिद्धांत को जन-जन तक पहुड्डचाने के उद्देश्य से आज शहर के स्थानीय और छोटे व्यापारियों से दीपावली के सामानों की खरीदारी की।
नगर पालिका अध्यक्ष और उनकी पत्नी ने बाजार में घूमकर छोटे-छोटे स्टॉलों और दुकानों से पारंपरिक दीपावली सामग्री खरीदी, जिसमें मुख्य रूप से मिट्टी के दिए (दीपक), लाई (खील) और बताशे, लक्ष्मी जी की मूर्तियां, झाड़ू सहित दीपावली में लगने वाली अन्य आवश्यक सजावटी और पूजा सामग्री शामिल थी।
यह पहल न केवल स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए एक संदेश है, बल्कि यह सुनिश्चित करने के लिए भी है कि छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारियों को त्योहार के मौसम में आर्थिक संबल मिल सके।
अध्यक्ष की आम जनता से अपील
खरीददारी के दौरान, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने शहर की आम जनता से विशेष निवेदन किया है। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व खुशी और समृद्धि का प्रतीक है, और यह तभी पूर्ण होगा जब हमारे शहर का हर वर्ग इस खुशी को महसूस करे।
श्री चौरे ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा सभी नागरिक भी ‘लोकल फॉर वोकल’ के सिद्धांत का पालन करें और इस दीपावली अपनी सामग्री खरीदने के लिए बड़े मॉल्स या सुपरमार्केट के बजाय अपने शहर के छोटे दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी वालों और कारीगरों से ही खरीदारी करें। हमारी छोटी सी खरीदारी भी इन छोटे व्यापारियों के लिए बहुत मायने रखती है। जब हम इनसे सामान खरीदेंगे, तभी वे भी अपने घर पर रोशनी कर पाएंगे और अपने परिवार के साथ दीपावली की खुशियाँ मना सकेंगे।








