इटारसी। छठ पूजा के त्योहार को देखते हुए, रेल प्रशासन द्वारा इटारसी जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, त्योहार के लिए विशेष रूप से चलाई जाने वाली करीब 27 से 30 सवारी गाडिय़ां प्रतिदिन इटारसी होकर संचालित की जा रही हैं, ताकि यात्रियों को छठ पूजा के लिए उनके गंतव्य तक पहुंचने में आसानी हो।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए बढ़ाए सुरक्षा बल
त्योहारों के मौसम में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए, सुरक्षा व्यवस्था को भी चाक-चौबंद किया गया है। आरपीएफ थाने में तैनात लगभग 80 रेलवे सुरक्षा बल के जवानों के साथ-साथ केंद्रीय रिजर्व सुरक्षा बल के 100 से अधिक पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं। यह अतिरिक्त पुलिस बल खंडवा से जबलपुर तक विभिन्न सवारी गाडिय़ों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैनात है।
स्टेशन परिसर में ठहरने की विशेष व्यवस्था
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए, रेल प्रशासन ने एक विशेष पहल की है। आरपीएफ थाना प्रभारी के मुताबिक, स्टेशन परिसर में टेंट लगाकर यात्रियों के ठहरने की विशेष व्यवस्था की गई है। इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि स्टेशन परिसर के बाहर यात्रियों को भटकना न पड़े और वे सुरक्षित तथा आराम से अपनी ट्रेन का इंतजार कर सकें। आरपीएफ थाना प्रभारी ने उक्त जानकारी से अवगत कराते हुए बताया कि रेल प्रशासन त्योहार के दौरान यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।








