इटारसी। नगर में पांच दिवसीय भक्तिमय दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में, कार्तिक मास की अमावस्या तिथि को शुभ मुहूर्त में सोमवार को घरों-घर और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में माता लक्ष्मी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस पावन अवसर पर लोगों ने परिवार के साथ मिलकर आतिशबाजी की। घरों और दुकानों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया, जिससे पूरे नगर में दीपावली के त्योहार की चमक-दमक देखते ही बन रही थी।
बाजार में रही रौनक
दीपावली के एक दिन पूर्व रविवार देर रात से ही बाजार में चहल-पहल शुरू हो गई थी। लोगों ने केले के पत्ते और फूल-मालाओं की जमकर खरीदारी की, जो सोमवार दोपहर करीब 12 बजे तक जारी रही। मुख्य बाजार क्षेत्र के स्तंभ चौक सहित अन्य क्षेत्रों में कपड़ा, मिठाई और पूजन सामग्री की दुकानों पर भारी भीड़ देखी गई। लाल ग्राउंड पर संचालित हो रहे पटाखा बाजार में भी लोगों की भीड़ बनी रही। लोगों ने परिवार के साथ बाजार पहुंचकर पूजन सामग्री और खान-पान की वस्तुओं की खरीदारी की।
विधि-विधान से पूजन और दीयों की रोशनी
लोगों ने अपने घरों को आकर्षक ढंग से सजाया और घरों के सामने सुंदर रंगोली भी बनाई। शाम ढलने के साथ ही शुभ मुहूर्त में माता लक्ष्मी की विधि-विधान से विशेष पूजन-अर्चना की गई। पूजन के पश्चात, मिट्टी के दीयों के प्रकाश से पूरा वातावरण सुंदर और भक्तिमय दिखाई दे रहा था। माता लक्ष्मी के पूजन के बाद लोगों ने आतिशबाजी की और एक-दूसरे को दीपावली के पावन पर्व की बधाई संदेश देकर शुभकामनाएं प्रेषित कीं।








