इटारसी। ग्राम खापा में एक खेत में कटाई के दौरान एक विशाल अजगर मिलने से हड़कंप मच गया। ग्राम खापा निवासी ऋषभ वर्मा ने अपने खेत में हार्वेस्टर से कटाई चलते समय यह सांप देखा, जिसके तुरंत बाद उन्होंने सर्पमित्र अभय चौरे को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही, वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा के निर्देश पर सर्पमित्रों की एक टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
टीम में अभिजीत यादव, मोहित मेहरा, नितिन राजपूत, और संजू तोमर शामिल थे। टीम ने पाया कि अजगर खेत की मेड़ पर लगी झाडिय़ों में छिपा हुआ था। यह सांप इंडियन रॉक पायथन प्रजाति का था और इसकी लंबाई करीब 5 फीट थी। सर्पमित्रों की टीम ने सावधानीपूर्वक और कुशलता के साथ अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
रेस्क्यू के बाद, अजगर को उसके पुनर्वास के लिए वन परिक्षेत्र में एक सुरक्षित स्थान पर प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया। वन विभाग के इस त्वरित और सफल रेस्क्यू ऑपरेशन से अजगर को नया जीवन मिला।








